आज से तीन दिन रहेगा घना कोहरा, उत्तरी हवा लेकर आएगी कड़ाके की सर्दी

भोपाल/ग्वालियर। पूरे प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। इसका असर आम जनजीवन पर भी पड़ा है। ग्वालियर में धुंध के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भोपाल में शनिवार को कोहरा तो नहीं पड़ा, लेकिन 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने सिहरन पैदा कर दी। 


पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और मध्यप्रदेश में दो दिन पूर्व हुई बारिश और ओलावृष्टि के चलते प्रदेश भर में कड़ाके की ठंड का दौर प्रारंभ हो गया। सिहरन पैदा करने वाली ठंड और प्रदेश के कुछ स्थानों पर सुबह-सुबह कोहरे की धुंध ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी।


मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के प्रवक्ता के अनुसार जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हो रहे बर्फबारी से पूरे उत्तर भारत के साथ ही मध्यप्रदेश भी कड़ाके ठंड के चपेट में है। प्रदेश के सीधी, सतना, रीवा, खजुराहो, ग्वालियर, राजगढ़, उज्जैन, शाजापुर और रतलाम सहित अनेक स्थानों पर सुबह कोहरे की हल्की धुंध से धूप देर से निकली, जिसके चलते ठंड का अच्छा खासा प्रभाव देखा गया।


ग्वालियर के मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह के मुताबिक, शनिवार को सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। साथ ही रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इसका कारण बर्फ से ढंके पहाड़ों से आने वाली उत्तरी हवा होगी। इतना ही नहीं, दिन में उत्तरी हवा चलने से लोग ठिठुरन का अहसास करेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में 3 दिन घने कोहरे का असर रहेगा। इस साल अभी तक सीजन में सिर्फ एक ही दिन घना कोहरा छाया था।


यात्रियों की बढ़ेगी मुसीबत: कोहरे से वाहन, ट्रेन और फ्लाइट प्रभावित होंगी। इससे यात्रियों की मुसीबत बढ़ेगी। शनिवार से पूरा उत्तर भारत कोहरे की चपेट रहेगा। दिल्ली, आगरा और मथुरा तक घना कोहरा रह सकता है। इसके मद्देनजर रेलवे द्वारा आने वाले दिनों में कई ट्रेनें रद्द की जा सकती हैं। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी।


आगे क्या: बादल छटेंगे, बढ़ेगी सर्दी : मौसम विज्ञानी एके शुक्ला के मुताबिक राजस्थान के ऊपर बने प्रेरित चक्रवात का असर खत्म हो चुका है। इससे अब बादल छंट जाएंगे। बादल छंटते ही अगले 24 घंटे के दौरान रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी। इससे सर्दी बढ़ेगी, साथ ही कोहरा छाएगा।


कहां कितना तापमान



































शहरअधिकतमन्यूनतम
शिवपुरी27.0 9.7
पचमढ़ी21.89.0
भोपाल25.013.8
ग्वालियर23.613.8
इंदौर25.413.5

ओलावृष्टि: फसलों की क्षति का सर्वे कराएगी सरकार: कमलनाथ
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा है कि प्रदेश में कई हिस्सों में अचानक बारिश, आंधी व ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान की जानकारी मिली है। किसान चिंतित न हो। सरकार संकट की इस घड़ी में उनके साथ है। प्रशासन को फसलों के नुकसान के सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।